लुधियाना हाईवे पर हथियार दिखाकर लूटा:इशारा कर कारपेंटर को रोका, बाइक की चाबी निकाली, फिर धमकी देकर रुपए छीने

लुधियाना के अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोती नगर-ट्रांसपोर्ट नगर पुल के ऊपर दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक कारपेंटर को अपना शिकार बनाया। बदमाशों ने तेजधार हथियार के बल पर पीड़ित से 8,000 रुपए की नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की पहचान लोहारा निवासी हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से कारपेंटर हैं और वारदात के समय काम से घर लौट रहे थे। हरप्रीत सिंह ने बताया कि शाम करीब 5:10 बजे जब वह बहादुर रोड से अपने घर की ओर जा रहे थे, तब पुल पर एक बाइक सवार ने उन्हें हाथ देकर रुकने का इशारा किया। जैसे ही वे रुके, आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से उनसे हाल-चाल पूछा और मौका पाकर तुरंत उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद आरोपियों ने तेजधार हथियार (दातर) दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और उनकी जेब में रखे 8,000 रुपए लूट लिए। हरप्रीत के शोर मचाने पर जब तक लोग वहां इकट्ठा हुए, तब तक आरोपी हाईवे के रास्ते भाग चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर टीम और मोती नगर पुलिस के एएसआई जसविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम के जरिए वारदात की जानकारी मिली थी। फिलहाल पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शाम के समय हाईवे पर गश्त बढ़ाई जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *