पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएनटीएफ की टीम ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों में तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनसे कुल 1 किलो 453 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मोहाली स्थित एएनटीएफ पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए एएनटीएफ के डीएसपी अजय वर्मा ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एआईजी (ANTF) वत्सला गुप्ता (IPS) के कड़े निर्देशों और सीधी निगरानी में अमल में लाई गई है। उन्होंने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नशे की एक बड़ी खेप की सप्लाई होने वाली है जिसके बाद स्पेशल टीमों का गठन कर जाल बिछाया गया था। पहला मामला: कपूरथला के दो तस्कर 753 ग्राम हेरोइन के साथ काबू पुलिस ने पहले ऑपरेशन में जालंधर-कपूरथला रोड पर नाकाबंदी के दौरान दो संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से 753 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जिसमे आरोपियों की पहचान संदीप सिंह जो की निवासी गांव भिल्ला कपूरथला का और मनिंदर सिंह निवासी कपूरथला के रूप में हुई है। डीएसपी वर्मा ने बताया कि आरोपी संदीप सिंह पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है और जेल से बाहर आने के बाद दोबारा तस्करी के धंधे में लग गया। दूसरा मामला: मजारी टोल प्लाजा के पास से तीसरा तस्कर गिरफ्तार एक अन्य गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बलाचौर-गढ़शंकर रोड पर स्थित मजारी टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की। यहाँ से गुरनेक सिंह उर्फ गगनी जो गांव मजारी होशियारपुर का रहने वाला है को 700 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। बड़े नेटवर्क को तोड़ने की तैयारी डीएसपी अजय वर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस अब इन तस्करों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। हमारी प्राथमिकता यह पता लगाना है कि यह नशा कहाँ से लाया गया था और आगे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। हम इनके पूरे नेटवर्क और डिजिटल सबूतों की जांच कर रहे हैं ताकि नशे की इस चैन को पूरी तरह से तोड़ा जा सके। पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि पूछताछ में बड़े खुलासे हो सकें।


