बाड़मेर शहर के माणक हॉस्पिटल के पास बाइक सवार दो भाइयों पर एक कार में आए 4-5 बदमाशों ने आंखों में मिर्ची पाउडर डाल हमला किया और 25 लाख रुपए से भरा बैग लेकर भाग गए। दरअसल व्यापारी बाजार से घर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान रैकी कर रहे कार सवार बदमाशों ने अचानक उन्हें रुकवाया और हमला कर दिया। कार से उतरे तीन बदमाशों ने दोनों भाइयों की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दी। इससे वो नीचे गिर गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी रुपयों से भरा बैग छीन कर भाग गए। वारदात के बाद बाड़मेर एसपी नरेंद्रसिंह मीना ने वारदात स्थल का मौका मुआयना किया और आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकाबंदी करवाई । एसपी नरेंद्रसिंह मीना ने बताया कि वो गश्त पर थे और घर पहुंचे ही थे, तभी फोन आया कि लूट की बड़ी वारदात हो गई है। इसके बाद तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों पीड़ित भाइयों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया हैं, जहां उनका इलाज चल रहा हैं। करीब 25 लाख रुपए लेकर दोनों भाई घर की तरफ जा रहे थे, तभी एक क्रेटा कार में आए 4-5 बदमाशों ने उन पर हमला बोल दिया। 2-3 बदमाशों ने उन्हें पकड़ आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दी। इसके बाद मारपीट कर बैग छीनकर भाग गए। मौके पर संघर्ष के निशान मिले है। मिर्ची पाउडर गिरा हुआ मिला । वहीं एक मफलर और चप्पल भी मिले हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश कर रही है। अशोक मालू और उसका भाई संजय मालू दोनों रुपयों से भरा हुआ बैग लेकर आ रहे थे। इस दौरान कुछ बदमाशों ने रैकी की। संभवत: कुछ लोग बाइक पर रैकी कर रहे थे, उन्हीं लाेगों ने आगे कार में सवार बदमाशों को सूचना दी। कार में सवार बदमाशों ने दोनों भाइयों की आंखों में पहले मिर्ची पाउडर डाला और इसके बाद धक्का-मुक्की और मारपीट कर बैग छीन लिया। सीसीटीवी कैमरे खंगालने में जुटी पुलिस वारदात के बाद सदर, कोतवाली, रीको, बाड़मेर ग्रामीण, महिला थाना की पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। वहीं शहर के आसपास के इलाकों में नाकाबंदी करवाई गई। वारदात स्थल और उसके आसपास के रास्तों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज पुलिस खंगाल रही है। वारदात में करीब 4-5 लोग शामिल होना सामने आया है। देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा। दोनों घायल भाई अशोक और संजय मालू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। “लूट की वारदात के बाद मौके पर पहुंचा और जिले में नाकाबंदी करवाई है। बदमाशों ने मिर्ची पाउडर का उपयोग लिया है। हम जल्द ही बदमाशों को पकड़ लेंगे। प्रथमदृष्टया 25 लाख रुपए की लूट होना सामने आ रहा है। बदमाशों की तलाश शुरू की है।” -नरेंद्रसिंह मीना, एसपी


