सदर पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला के साथ हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले मदद के बहाने महिला को अपनी बाइक पर बिठाया और फिर सुनसान जगह पाकर उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और गले से सोने की कंठी लूटकर फरार हो गया। एसपी नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि 11 फरवरी को हनुमानराम निवासी कगाऊ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार उसकी मां चुनी देवी 9 फरवरी को नोखड़ा अस्पताल से दवाई लेकर गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। तभी आरोपी राजूराम निवासी बांकासर सरली अपनी बाइक लेकर आया। उसने महिला को विश्वास में लिया कि वह उसे गांव छोड़ देगा। मालपुरा फांटा से एक किलोमीटर पहले आरोपी ने बाइक पंचर होने का बहाना बना महिला को उतार दिया। जब महिला पैदल ही आगे बढ़ने लगी, तो आरोपी के मन में लालच आ गया। उसने 500 मीटर तक महिला का पीछा किया और फिर बाइक खड़ी कर बुजुर्ग महिला को जोर से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। मौका पाकर उसने महिला के गले से सोने की कंठी तोड़ ली। आरोपी ने अपनी दादी और बच्चों को भी नहीं छोड़ा पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पहले अपनी सगी दादी की कंठी भी चुरा चुका है। इतना ही नहीं उसने खेल रहे दो छोटे बच्चों के गले में पहने सोने के फूल भी ब्लेड से धागा काटकर चोरी किए थे।


