भास्कर न्यूज | जांजगीर एमआर-4 रोड, भागीरथपुरा पर 11 फरवरी की रात हुई अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट के इरादे से सक्ती निवासी 45 वर्षीय खोजीराम नारंगे की चाकुओं से ताबड़तोड़ 18 वार कर निर्मम हत्या की गई थी। गले पर गहरा चीरा भी लगाया गया था। वारदात के बाद आरोपी उसका पर्स, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 12 फरवरी को थाना बाणगंगा क्षेत्र में एमआर-4 रोड किनारे शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान खोजीराम पिता लखनलाल नारंगे, निवासी लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के सामने, इंदौर (मूल निवासी देवरघाटा, जिला सक्ती, छत्तीसगढ़) के रूप में हुई। वह पोलोग्राउंड स्थित युग कलर लैब में कार्यरत था। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना से आरोपियों की पहचान हुई।गिरफ्तार आरोपी आर्यन उर्फ लड्डू (निवासी रेडवाल कॉलोनी, बाणगंगा) और भरत (निवासी टाल वाली गली, भागीरथपुरा) हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने खोजीराम को सुनसान रास्ते में रोककर लूटने की कोशिश की थी। विरोध करने पर चाकुओं से अंधाधुंध वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने मृतक का पर्स, नकदी और मोबाइल छीना। मोबाइल ट्रेस न हो इसके लिए सिम निकालकर तोड़ दी और फोन भी क्षतिग्रस्त कर फेंक दिया। भागने की कोशिश में ट्रैक में फंसकर आरोपी घायल गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर पुनर्निर्माण के लिए ले गई, तो दोनों फरार होने की कोशिश में रेलवे ट्रैक के ब्लॉक में फंसकर घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सामान, वारदात में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।


