भरतपुर की खेड़ली मोड़ थाना पुलिस ने लूट की योजना बनाते 3 बदमाशों को गिरफ़्तार किया है। तीनों बदमाशों से 2 कट्टे, 1 पिस्टल और 5 कारतूस जब्त किए गए हैं। तीनों बदमाशों के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। लूट की योजना बना रहे थे बदमाश खेड़ली मोड़ थाना अधिकारी राजेश कसाना ने बताया कि कल थाने से एक पुलिस का जाब्ता गश्त करते हुए पथैना गांव पहुंचा। गांव में जाकर सूचना मिली की कुछ बदमाश हथियार लेकर इलाके में घूम रहे हैं वह किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। पुलिस की टीम ने तुरंत इलाके में गश्त शुरू कि इस दौरान पुलिस की टीम को पता लगा कि हेमराज और लोकेंद्र अपने साथियों के साथ गुफा वाले हनुमान मंदिर के सामने बीहड़ में बैठकर वारदात की योजना बना रहे हैं। तीनों बदमाशों से हथियार बरामद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कि, इस दौरान तीन व्यक्ति एक गहरे गड्ढे में बैठे हुए दिखाई दिए। उनके पास एक बाइक भी खड़ी थी। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को पकड़ा। तीनों बदमाशों की तलाशी के दौरान 1 पिस्टल, 2 कट्टा, 5 कारतूस जब्त किए गए। साथ ही तीनों बदमाश लोकेंद्र, हेमराज निवासी खेड़ीदेवी सिंह, सचिन निवासी बैलारा को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों बदमाशों से हथियारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


