भास्कर न्यूज | जांजगीर चार दिन पहले कई बार आसमान में बादल छाए रहे। इस वजह से तापमान में हल्की गिरावट रही। इससे गर्मी से राहत रही। मंगलवार से मौसम साफ होने लगेगा। अगले तीन-चार दिनों में तापमान में वृद्धि होने से गर्मी बढ़ेगी। पिछले 28 घंटे से मौसम में आया बदलाव अब खत्म होने वाला है। छत्तीसगढ़ के आसपास बने सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो रहे हैं। इसका असर भी दिखने लगा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आस पास रहा। इससे दोपहर तेज गर्मी महसूस हुई। ग्रीष्म ऋतु में तापमान में वृद्धि होने के कारण (हीट स्ट्रोक) की बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी किया है। जिसमें लू से बचाव करने के लिए कहा गया है। जिसमें कहा है कि सिर में भारीपन और दर्द होना, तेज बुखार के साथ मुंह का सूखना, चक्कर और उल्टी आना, कमजोरी के साथ शरीर में दर्द होना, शरीर का तापमान अधिक हो जाने के बाद भी पसीने का न आना, अधिक प्यास और पेशाब कम आना, भूख कम लगना और बेहोश होना आदि लू लगने के लक्षण हैं। उन्होंने बताया लू लगने का प्रमुख कारण तेज धूप और गर्मी में ज्यादा देर तक रहने का मुख्यतया शरीर में नमक की कमी होना है। इससे बचाव के लिए तेज धूप में घर से बाहर ना जाएं। आवश्यकता होने पर धूप में निकलने से पहले सिर व कानों को कपड़े से अच्छी तरह से बांध लें। पानी अधिक मात्रा में पीएं, अधिक समय तक धूप में न रहें। गर्मी के दौरान नरम मुलायम सूती कपड़े पहनने चाहिए। अधिक पसीना आने की स्थिति में ओआरएस घोल पीएं, चक्कर आने उल्टी आने पर छायादार स्थान पर विश्राम करें।


