स्थानीय एमबीसी राजकीय कन्या महाविद्यालय बाड़मेर में मतदाता साक्षरता क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में मतदाता साक्षरता उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला परिषद बाड़मेर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप के जिला नोडल अधिकारी रवि कुमार के मुख्य आतिथ्य, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मुकेश पचौरी की अध्यक्षता और स्वीप जिला समन्वयक और अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दीपाराम के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ। मुख्य अतिथि रवि कुमार ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मतदाताओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत होता है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाएं तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्पलाइन एप सहित विभिन्न चुनावी एप की जानकारी देते हुए बताया कि इन डिजिटल माध्यमों के जरिए मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में खोज सकते हैं। नए पंजीयन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभाग की ओर से संचालित स्वीप कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक बनाना और शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी छात्राओं को नैतिक एवं निष्पक्ष मतदान का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. मुकेश पचौरी ने कहा कि युवा पीढ़ी लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग जागरूक होकर अपने नैतिक मताधिकार का प्रयोग करता है तो लोकतंत्र और अधिक सशक्त बनता है। उन्होंने महाविद्यालय को मिले उत्कृष्ट मतदाता साक्षरता क्लब के जिला स्तरीय पुरस्कार को महाविद्यालय की छात्राओं को समर्पित करते हुए स्वीप अभियान में उनकी सराहनीय भूमिका को समाज के परिवेश में विस्तृत करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि व स्वीप जिला समन्वयक दीपाराम ने एन एस एस की सभी स्वयंसेविकाओं को महाविद्यालय की छात्राओं का शत प्रतिशत वोटर लिस्ट में पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही स्वीप कार्यक्रम के विभिन्न आयाम की जानकारी दी। इस अवसर पर स्वीप की जिला यूथ आइकॉन एवं विशिष्ट अतिथि जयश्री छंगानी ने कहा कि जागरूक मतदाता ही स्वस्थ लोकतंत्र की नींव रखते हैं। उन्होंने अपने आसपास के क्षेत्र में समस्त युवा जिनकी आयु 18 साल हो जाती है उन्हें वोटर पंजीयन के लिए प्रेरित करने और वोटर हेल्पलाइन एप पर फॉर्म 6 भरवा कर वोटर पंजीयन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक-एक मत महत्त्वपूर्ण है और प्रत्येक मत का समान महत्त्व है। मतदाता साक्षरता क्लब के संयोजक जितेंद्र कुमार बोहरा ने कहा कि मतदाता साक्षरता क्लब का उद्देश्य छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित कर उन्हें जागरूक बनाना है।


