भास्कर न्यूज | बठिंडा पुलिस और जनता के बीच रविवार सुबह एक अलग अंदाज में संवाद देखने को मिला। शहर में बीते दिनों गुंडागर्दी की घटनाओं व लोगों में भय को देखते हुए एसएसपी डॉ. ज्योति यादव मॉर्निंग वॉक करते हुए तिकोनी चौक पहुंचीं और वहां चाय पी रहे शहरवासियों के बीच बैठकर सीधे बातचीत की। उन्होंने आम लोगों से शहर में क्राइम और नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के सुझाव भी मांगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने खुलकर अपने विचार रखे। कुछ नागरिकों ने नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि छोटे स्तर पर कार्रवाई तो हो रही है, लेकिन बड़े नेटवर्क पर लगातार सख्त कदम उठाने की जरूरत है। एसएसपी ने लोगों की बात ध्यान से सुनी और भरोसा दिलाया कि पुलिस हर इनपुट पर गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा चुनौती है। इसे खत्म करने के लिए पुलिस और जनता के बीच भरोसा और सहयोग जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशे से जुड़े मामलों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। बैठक जैसे इस अनौपचारिक संवाद में मौजूद लोगों ने भी नशा विरोधी अभियान में सक्रिय सहयोग का भरोसा दिया। एसएसपी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल से जुड़ने की प्रेरणा दी और कहा कि सामूहिक जागरूकता से ही नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जीती जा सकती है। तिकोनी चौक पर शहरवासियों से बातचीत करते एसएसपी डॉ. ज्योति।


