भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा की शिक्षिका संगीता बखला से 2.36 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। बखला शांति नगर, किस्को मोड की रहने वाली हैं। वह लोहरदगा जिले में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि कैंसर पीड़ित मां और भाई के इलाज के लिए उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 17 लाख 49 हजार रुपए का लोन िलया था। लोन खाता संख्या 20017308531 है। संगीता ने बताया कि लोन क्लोजिंग के लिए उन्होंने एचडीएफसी बैंक का चेक नंबर 588305 दिया था। इसी चेक के जरिए प्रियांश कुमार नामक युवक ने 2 लाख 36 हजार 971 रुपए की अवैध निकासी कर ली। यह राशि प्रियांश कुमार के खाता संख्या 004400585990 में ट्रांसफर हुई। ट्रांजैक्शन का मैसेज संगीता के मोबाइल नंबर 7033245740 पर आया। इसके बाद उन्होंने प्रियांश कुमार से फोन पर बात की और पैसे ट्रांसफर का कारण पूछा। जवाब संदिग्ध लगा तो उन्होंने एसबीआई बैंक मैनेजर से संपर्क किया। तब पता चला कि प्रियांश कुमार बैंक कर्मचारी नहीं है, वह डीएसए के लिए काम करता है। संगीता ने बताया कि जब उन्होंने पैसे वापस करने को कहा तो प्रियांश ने टालमटोल किया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपनी राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है। प्रियांश कुमार दुर्गाबाड़ी, लोहरदगा का रहने वाला है। उसके पिता का नाम मनोज कुमार राम है। उसका मोबाइल नंबर 8859319978 है। पीड़िता ने 10 मई 2025 को शिकायत दर्ज कराई है।


