लोन डिफॉल्टर ने बैंक मैनेजर से की मारपीट, 3 पर पर्चा दर्ज

भास्कर न्यूज |लुधियाना सरकारी बैंक के चीफ मैनेजर के साथ मारपीट करने के मामले में थाना मॉडल टाउन पुलिस ने मक्कड़ स्टील प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर लोन डिफॉल्ट को लेकर बैंक में आकर हंगामा करने और मैनेजर से हाथापाई करने का आरोप है। शिकायतकर्ता अरुण कुमार, चीफ मैनेजर पंजाब एंड सिंध बैंक ने बताया कि मक्कड़ स्टील प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर सुधांशु जिंदल ने वर्ष 2019 में अपनी फर्म के नाम पर बैंक से करीब 2 करोड़ रुपए का लोन लिया था, लेकिन लंबे समय से लोन की राशि वापस नहीं की गई। मैनेजर ने बताया कि अदालत और डीसी के आदेश पर बैंक ने कंपनी की कोहड़ा रोड स्थित जमीन पर कब्जा लेकर उसकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू की थी। इसी बात से नाराज होकर 30 दिसंबर को आरोपी सुधांशु जिंदल अपने साथ कपिल कटियाल और अजय पाल दिसावर को लेकर बैंक पहुंचे। तीनों आरोपियों ने पहले बैंक स्टाफ से बहस की और फिर चीफ मैनेजर अरुण कुमार से मारपीट की। घटना के बाद बैंक के उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई, जिनकी अनुमति के बाद थाना मॉडल टाउन में शिकायत दी गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एसआई जगजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *