लोहरदगा|लोहरदगा नगर परिषद अध्यक्ष पद पर अनिल उरांव के निर्वाचित होने पर शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है। विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने अनिल उरांव को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें नगर परिषद की कमान सौंपी है, वह निश्चित रूप से उस भरोसे पर खरा उतरेंगे। संजय सर्राफ ने अपने संदेश में कहा कि अनिल उरांव के नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के साथ-साथ स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, जलनिकासी और अन्य जनसुविधाओं में सकारात्मक एवं प्रभावी बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि लोहरदगा जैसे उभरते नगर में योजनाबद्ध विकास की अत्यंत आवश्यकता है। पारदर्शी कार्यप्रणाली, जनभागीदारी और दूरदर्शी सोच के साथ यदि कार्य किए जाएं, तो नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। उन्हें विश्वास है कि नए अध्यक्ष जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर चलेंगे और विकास की नई इबारत लिखेंगे। शहरवासियों ने भी उम्मीद जताई है कि नगर परिषद प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं—जैसे नियमित सफाई, जलापूर्ति की स्थायी व्यवस्था, जर्जर सड़कों का निर्माण, स्ट्रीट लाइट की सुविधा तथा नाली व्यवस्था में सुधार—पर विशेष ध्यान देगा। अनिल उरांव के निर्वाचित होने से समर्थकों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि युवा नेतृत्व और नई सोच के साथ नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होगी तथा लोहरदगा को एक आदर्श और विकसित नगर बनाने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।


