लोहे का सामान कर्मचारी पर गिरा, मौत

लुधियाना| फोकल पॉइंट फेस-7 स्थित एक ऑटो टूल्स निर्माण फैक्ट्री में वेट लिफ्टिंग मशीन के नीचे आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 28 फरवरी की रात को हुआ। मृतक की पहचान मनदीप सिंह उर्फ गोपी (पुत्र कमलजीत सिंह), निवासी गली-7, गोबिंद कॉलोनी, जमालपुर के रूप में हुई है। थाना फोकल पॉइंट के जांच अधिकारी मनजीत सिंह के अनुसार घटना के समय मनदीप फैक्ट्री में लोहे का सामान रख रहा था। उसके साथ एक अन्य कर्मचारी भी ड्यूटी पर मौजूद था।बताया जा रहा है कि मनदीप वेट लिफ्टिंग मशीन पर लोहे का भारी सामान रख रहा था। इसी दौरान मशीन द्वारा सामान उठाते समय संतुलन बिगड़ गया और भारी-भरकम लोहे का सामान उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 1 मार्च की शाम को उसकी मौत हो गई। शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *