नगर परिषद में कनिष्ठ अभियंता पद पर तैनात अधिकारी सहित चार जनों के खिलाफ निजी कम्पनी में नौकरी करने वाले कर्मचारी पर हमला कर चोटें मारने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कनिष्ठ अभियंता सहित तीन के खिलाफ नामजद व एक अन्य के खिलाफ जंक्शन पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार सुनील जाट (26) पुत्र दीवानसिंह निवासी प्लॉट नम्बर 27, दीप विहार पांचावाला सिरसी रोड जयपुर पीएस करणी विहार जयपुर हाल सौ फुटी रोड पीएनटी कॉलोनी, सुरेशिया, हनुमानगढ़ जंक्शन ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि वह काश्ता पाइप कीर्ति इंडस्ट्रीज कम्पनी में हाल सेल्स एसोशिएट के पद पर कार्यरत है। बुधवार की रात को कम्पनी के मैनेजर नवनीत चौधरी जंक्शन में संगरिया रोड स्थित मार्केन होटल में आए हुए थे। रात करीब 12 बजे वह नवनीत चौधरी से मिलकर वापस अपने घर जाने के लिए होटल से बाहर निकला तो होटल के आगे नगर परिषद के जेईएन धीरज, अभिषेक सिला, रोहताश एवं एक अन्य लोहे की रॉड एवं डंडे लेकर पहले से खड़े थे। इन चारों ने एकराय होकर उसे घेर लिया और जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट करने लगे। सिर एवं हाथ पर लोहे की रॉड से वार कर चोटें मारी। दोनों पैरों के घुटने एवं कूल्हे पर चोट मारी। होटल मालिक सचिन एवं होटल में कार्य करने वाले मोहित वगैरा शोर सुनकर होटल से बाहर आए और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। साथ ही जंक्शन पुलिस थाना में सूचना दी। इस पर यह लोग मारपीट कर चोटें मारकर आइंदा जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। उसके इलाज के लिए टाउन के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सुनील जाट के अनुसार हमला करने वाले आइंदा भी किसी प्रकार की अनहोनी कर सकते हैं एवं जान माल का नुकसान पहुंचा सकते हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच एएसआई शिवनारायण कर रहे हैं।


