लो वोल्टेज व बिजली गुल होने से किसान हुए परेशान

कोंडागांव| जिले के भगदेवा क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से किसान बेहद परेशान हैं। अपनी फसलों को पानी नहीं दे पाने से नाराज किसानों ने बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की। किसानों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से बिजली की स्थिति बेहद खराब है। हर 5-5 मिनट में बिजली कट जा रही है और वोल्टेज भी इतना कम है कि ट्यूबवेल और पंप ठीक से चल नहीं पा रहे हैं। ऐसे में खेतों में खड़ी फसलों को पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे मक्का और धान की फसल के खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि गर्मी का मौसम शुरू होते ही सिंचाई के लिए ट्यूबवेल के पानी पर ही निर्भर रहना पड़ता है, लेकिन बिजली की इस समस्या के कारण फसलों को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो मेहनत से तैयार की गई पूरी फसल बर्बाद हो सकती है। इस समस्या को लेकर बड़ी संख्या में किसान बिजली ऑफिस पहुंचे और विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था और वोल्टेज में सुधार नहीं किया गया तो किसान चक्काजाम और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *