भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिला मुख्यालय के तलवापारा स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय में सात दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य डॉ. आरएन कच्छप की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगरपालिका परिषद व जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष नविता शिवहरे ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में साधना जायसवाल और अंजली जायसवाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और छत्तीसगढ़ राज्य गीत के साथ हुई। प्राचार्य डॉ. कच्छप ने अतिथियों का स्वागत करते हुए लैंगिक समावेशन, समानता व संवेदनशीलता विषय की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की संयोजिका व हिंदी विभागाध्यक्ष कनकलता पैकरा ने बताया कि यह विषय वर्तमान समय में प्रासंगिक है। उन्होंने सात दिनों तक चलने वाले विभिन्न सत्रों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उद्घाटन सत्र के बाद तकनीकी सत्र में महिला एवं बाल विकास विभाग से वित्त बाला श्रीवास्तव और कविता मंडल ने अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने समाज में व्याप्त लैंगिक असमानता को प्रगति में बड़ी बाधा बताते हुए बाल संरक्षण कानूनों और यौन अपराधों के प्रति जागरूकता पर विशेष जोर दिया। सात दिवसीय कार्यशाला में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से देशभर के विशेषज्ञ जुड़ेंगे। दूसरे दिन वरिष्ठ नागरिक संजीव चंदन व डॉ. मंजू एक्का, तीसरे दिन एएसपी सुरेशा चौबे व डॉ. तृप्ति विश्वास, चौथे दिन डॉ. रविना बारिहा व डॉ. तत्वमासी पलटासिंह, पांचवें दिन जिला न्यायाधीश की टीम व डॉ. कविता सिंह, छठवें दिन डॉ. राहुल पटेल व विपिन ठाकुर और सातवें दिन प्रो. जीए घनश्याम मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। संचालन ऋचा चेलकर ने किया।


