लुधियाना| आजकल फिट और हेल्दी रहने की चाहत में कई लोग तेजी से वजन कम करने की कोशिश करते हैं। खासकर युवतियों और कामकाजी महिलाओं में डाइटिंग और वेट लॉस ट्रेंड तेजी से बढ़ा है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि बिना सही जानकारी के वजन कम करने की कोशिश कई बार शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकती है। कई लोग जल्दी परिणाम पाने के लिए भोजन छोड़ना, अत्यधिक व्यायाम करना या केवल एक ही तरह की डाइट लेना शुरू कर देते हैं, जिससे कमजोरी, थकान और पोषण की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। {भोजन पूरी तरह छोड़ना : कई लोग वजन कम करने के लिए खाना कम या बिल्कुल छोड़ देते हैं। इससे शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता और कमजोरी महसूस हो सकती है। {बहुत कम कैलोरी लेना : जरूरत से बहुत कम कैलोरी लेने से मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और शरीर थका हुआ महसूस करता है। {केवल डाइट पर निर्भर रहना : केवल डाइटिंग से वजन कम करना मुश्किल होता है। इसके साथ नियमित व्यायाम भी जरूरी है। {पर्याप्त पानी न पीना : शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है। पानी कम पीने से शरीर की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। {नींद की कमी : पर्याप्त नींद न लेने से हार्मोन संतुलन बिगड़ सकता है और वजन कम करना कठिन हो जाता है। {अत्यधिक जिम करना : बहुत ज्यादा व्यायाम करने से शरीर थक सकता है और चोट का खतरा भी बढ़ जाता है।


