स्वयं को वनमंत्री का मीडिया प्रभारी बता रायपुर के युवक ने सरगुजा के युवक की वन रक्षक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लाख रुपये की ठगी कर ली। नौकरी नहीं लगने पर राशि वापस मांगी तो ठगी करने वाले ने टाल मटोल करना शुरू कर दिया। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के कैलाश गुप्ता निवासी बौरीपारा की पहचान करीब चार वर्ष पूर्व रायपुर के पारसनगर निवासी यासिर भाटी से पहचान हुई थी। यासिर ने स्वयं को वनमंत्री का मीडिया प्रभारी बताया और कहा कि कोई भी काम हो तो बताना। बाद में उसने कैलाश को वन विभाग में वनरक्षक का पद रिक्त होने का झांसा दिया और नौकरी लगवाने के लिए 2 लाख रुपये मांगे। झांसे में आकर दिये रुपये, नहीं लगी नौकरी
कैलाश गुप्ता ने यासिर भाटी के झांसे में आकर 3 दिसंबर 2024 को फोन-पे से 50 हजार, 40 हजार, 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए और 80 हजार नगद दिया। पैसे देने के लंबे समय बाद भी नौकरी नहीं लगने पर कैलाश गुप्ता ने अपने दिए हुए पैसे वापस मांगे तो यासिर टालमटोल करने लगा। बद में उसने अपना फोन ही बंद कर दिया। परेशान होकर कैलाश गुप्ता ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में की। कोतवाली पुलिस ने मामले में सबूत मिलने पर यासिर भाटी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


