वन नाका दामड़ी में मादा लेपर्ड मृत मिली:गर्भ में पल रहे दो शावकों की भी मौत, जांच में जुटी वन विभाग की टीम

डूंगरपुर के दोवड़ा थाना क्षेत्र में स्थित वन मंडल की आंतरी रेंज के नाका दामड़ी के डोलवर में बुधवार को एक मादा लेपर्ड मृत पाई गई। इस घटना में मादा लेपर्ड के गर्भ में पल रहे दो शावकों की भी मौत हो गई। आंतरी वन रेंज के डोलवर के पास लेपर्ड के मृत मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृत लेपर्ड को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर दोवड़ा वन नाका पहुंचाया। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन पाटीदार, डॉ. निशांत परमार और डॉ. युक्ति परमार की एक टीम मौके पर पहुंची। डॉक्टरों ने जांच के दौरान बताया कि मादा लेपर्ड गर्भवती थी और उसके पेट में दो शावक पल रहे थे, जिनकी मादा लेपर्ड के साथ ही मौत हो गई। टीम ने देर शाम मादा लेपर्ड का पोस्टमार्टम किया।

पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग और डॉक्टरों की मौजूदगी में मादा लेपर्ड का अंतिम संस्कार किया गया। मादा लेपर्ड की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पिछले दिनों साबला क्षेत्र में एक लेपर्ड का शिकारियों द्वारा शिकार किया गया था, जिसके नाखून और मुंह का जबड़ा काटकर शिकारी ले गए थे। इस मादा लेपर्ड की मौत को लेकर भी शिकार का संदेह जताया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *