भास्कर न्यूज | कांकेर सरोना तहसील के ग्राम छिंदखड़क के किसानों को वन अधिकार पट्टा नहीं मिलने से वे सभी सरकारी योजनाओं से वंचित है। इसे लेकर प्रभावितों ने जिला प्रशासन को आवेदन सौंप उन्हें वन अधिकार पट्टा व योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है। किसानों का कहना है उन्हें निवासरत व खेती किसानी करने वाले जमीन का नक्श भी नहीं मिल रहा है। मांग लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे किसानों ने बताया कि हम सभी सरोना तहसील के ग्राम पंचायत ठेमा के आश्रित ग्राम छिंदखड़क के भर्रीपारा के कम्पाट नंबर 102 में पिछले 25 सालों से निवासरत हैं। यहां खेती व कार्य भी करते आ रहे हैं। लेकिन आजतक हमें वन अधिकार पट्टा नहीं मिला है। जिसकी हम लंबे समय से मांग कर रहे हैं। वन अधिकार पट्टा नहीं होने के कारण हमें किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों ने बताया उनके गांव में सीमा विवाद भी है। जिसका भी निराकरण किया जाए। मांग करने वाले किसानों में दिनेश नेताम, दीपक नेताम, कार्तिक भास्कर, ललेश मंडावी, कोमलदेव नेताम, उमेंद्र नेताम, कृष्णा वट्टी, अक्षय मरकाम, श्यामलाल नेताम, नरेश मंडावी, संतु मंडावी, चंद्रेश मरकाम, किरण मंडावी, बिसंबर मंडावी, अनिल नेताम, संपत मंडावी समेत अन्य किसान मौजूद थे।


