सुप्रीम कोर्ट व हाईकोर्ट के वन वार वन वोट के निर्देश पर प्रदेशभर में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर, दि बार एसोसिएशन जयपुर, दि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन जयपुर सहित प्रदेश की 230 बार एसोसिएशन में 2024-25 के वार्षिक चुनाव शुक्रवार को सम्पन्न हुए। सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक हुए मतदान में वकीलों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर चुनाव में 5,716 मतदाताओं में से 5016 ने मतदान किया। इनके अलावा तीन वोट टेंडर भी डाले गए। दि बार एसोसिएशन जयपुर में 4,880 में से 4303 मतदाताओं ने मतदान किया और इनके अलावा चार वोट टेंडर डाले गए। दि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन जयपुर में 1831 मतदाताओं में से 1653 ने मतदान किया। इस दौरान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में अधिवक्ता के तौर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी और सतीश पूनियां ने भी मतदान किया। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जयपुर चुनाव के मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश कर्नल ने बताया कि मतगणना शनिवार को सुबह दस बजे से शुरू होगी। पहले अध्यक्ष व महासचिव पद के लिए मतगणना की जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष हो इसके लिए 275 वकीलों की चुनाव टीम बनाई थी। चुनाव के दौरान हाईकोर्ट परिसर सहित अन्य जगहों पर विभिन्न पदों के प्रत्याशी समर्थक कोर्ट परिसर के एंट्री गेट से लेकर वोटिंग स्थल तक समर्थन में वोट मांगते रहे और मतदाताओं की मान-मनुहार करते रहे। हाईकोर्ट में विभिन्न पदों के प्रत्याशियों को उनके समर्थकों से अलग एक ही जगह पर रखा गया और उन्होंने वहीं से अपने लिए मतदाताओं से वोट मांगे। हालांकि हाईकोर्ट बार व दि बार एसोसिएशन में सुबह मतदान धीमा रहा, लेकिन सुबह 10 बजे से इसमें तेजी आने लगी।


