वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरिजित बनर्जी ने वन विभाग रेंज बयाना के रेंजर लाखन सिंह को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में रेंजर का मुख्यालय संभागीय मुख्य वन संरक्षक कार्यालय जोधपुर में होगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने जारी किए गए आदेशों में बताया कि वन मंडल भरतपुर की रेंज बयाना के नाका बंशी पहाड़पुर के दो ब्लॉकों और सूखाशीला वन क्षेत्रों में सीसीएफ के निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में अवैध खनन के प्रमाण मिले हैं। सीसीएफ की रिपोर्ट के परीक्षण पर अवैध खनन को वन क्षेत्र में गैर वानिकी गतिविधियां माना गया है, जो वन संरक्षण अधिनियम 1980 के प्रावधानों का उल्लंघन है और न्यायालय द्वारा समय-समय पर जारी आदेशों की अवहेलना भी है। मामले की विस्तृत जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई विचाराधीन होने के कारण बयाना रेंजर लाखन सिंह को निलंबित किए जाने के आदेश जारी किए गए हैं।


