जालंधर | मकसूदां को कपूरथला रोड से जोड़ने वाली मुख्य लिंक रोड यानी वरियाणा रोड पिछले 5 साल से खस्ताहाल पड़ी है। सड़क पर गहरे गड्ढे और कीचड़ जमा होने के कारण दुकानदारों का बैठना मुहाल हो गया है। हालात इतने बुरे हैं कि कीचड़ से बचने के लिए दुकानदार को सड़क के बीच कुर्सी रखनी पड़ रही है ताकि तेज रफ्तार वाहन कीचड़ न उछालें। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके के विधायक बलकार सिंह को कई बार इस समस्या से अवगत करवाया गया है, लेकिन सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो रहा। हजारों लोगों के आवागमन वाले इस लिंक मार्ग की तुरंत मरम्मत की मांग की गई है। -सतनाम सिंह, वरियाणा । जालंधर | कपूरथला चौक से फुटबॉल चौक की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क का करीब 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा पिछले काफी समय से टूटा पड़ा है। अंडरग्राउंड कार्य के लिए खोदी गई इस सड़क की मरम्मत का काम धीमी रफ्तार से चल रहा है। सड़क पर बिखरे मलबे और धूल के कारण राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है और हर वक्त हादसे का अंदेशा बना रहता है। यह मुख्य मार्ग होने के कारण यहां यातायात का भारी दबाव रहता है, लेकिन प्रशासन की ढुलमुल कार्यप्रणाली से लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। – प्रदीप अवस्थी, जालंधर।


