गुमला|डीएवी पब्लिक स्कूल गुमला में वरिष्ठ शिक्षिका निशा त्रिपाठी के असामयिक निधन पर एक विशेष शोक सभा आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के समस्त शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वर्ष 2009 से विद्यालय में अपनी निष्ठापूर्ण सेवाएं दे रहीं निशा त्रिपाठी रविवार को देवाकि से बाइक पर गुमला वापस लौटने के दौरान एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई थीं और रांची में एडमिट कराने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इस दुखदायी घटना से पूरे शैक्षणिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्राचार्य डॉ. रमाकांत साहू ने कहा कि निशा जी केवल एक शिक्षिका नहीं बल्कि संस्थान का एक मजबूत स्तंभ थीं, जिन्होंने वर्षों तक छात्रों का भविष्य संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने आगे कहा कि उनका मिलनसार स्वभाव, मुखर व्यक्तित्व और शिक्षण के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद किया जाएगा और उनका जाना डीएवी परिवार के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई संभव नहीं है।


