रायपुर में टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल ऐप और लिंक के जरिए लोगों से दांव लगवा रहा था। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे साईं मंदिर के पास से पकड़ा गया। आरोपी का नाम पुलिस द्वारा जगदीश आसरवानी बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला 16 फरवरी 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में एक व्यक्ति ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसीसीयू और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। रेड के दौरान संदिग्ध व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जगदीश आसरवानी (36) निवासी तेलीबांधा रायपुर बताया। ऑनलाइन प्लेटफार्म से लगवा रहा था दांव पुलिसकर्मियों की जांच में उसके मोबाइल फोन से BET4WIN लिंक आईडी के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना पाया गया। आरोपी खिलाड़ियों और मैचों पर लोगों से रकम लगवाकर हिसाब-किताब मोबाइल में दर्ज कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 3,350 रुपए नगद, एक एटीएम कार्ड और सट्टा-पट्टी का हिसाब-किताब बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी पूछताछ जारी है और जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।


