अमृतसर | पूर्व अकाली विधायक विरसा सिंह वल्टोहा ने श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज से उन्हें शिरोमणि अकाली दल बादल की सदस्यता से निष्कासित करने के अकाल तख्त के फैसले पर पुनर्विचार करने की गुहार लगाई है। वल्टोहा ने जत्थेदार की गैर मौजूदगी में अकाल तख्त सचिवालय में दिए पत्र में अपील की है कि 15 अक्टूबर 2024 को सिंह साहिबान द्वारा उन्हें पार्टी से निष्कासित करते हुए सदस्यता खारिज करने का आदेश दिया था। इस आदेश के चलते उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा है कि अगर जाने अनजाने में उनसे अकाल तख्त एवं जत्थेदारों के प्रति कोई आपत्तिजनक शब्दावली का इस्तेमाल हुआ हो अथवा कोई भूल हुई हो तो माफी मांगते हैं


