जयपुर में बीजेपी नेता गौरव वल्लभ ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधा। वल्लभ ने कहा- प्रदेश में कांग्रेस सरकार के समय एक ही परिवार से 6-7 आरएएस अधिकारी बने। उन्हें यह दिव्य ज्ञान अन्य युवाओं को भी देना चाहिए कि उन्होने परिवार में ऐसी कौनसी क्लास लगवाई, जिसका फायदा दूसरे परिवारों को नहीं मिला। उन्होंने कहा- ऐसा क्या ज्ञान था कि एक ही परिवार के रिश्तेदार आरएएस और एक ही तरह के लोग एसआई बने। वहीं राजस्थान के अन्य युवा नहीं बन पाए। गौरव वल्लभ शुक्रवार को वैशाली नगर स्थित एक स्कूल में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आयोजित बजट युवा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- अब यह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार में बंद हो गया है। वहीं वल्लभ ने अमेरीका से ट्रेड डील के बाद टैरिफ घटने पर कहा- अगर विपक्ष इसे घुटने टेकना कहता है तो उन्हें चौथी क्लास की गणित की टीचर को बुलाकर अपने नेताओं को बताना चाहिए कि 18 प्रतिशत 50 प्रतिशत से कम होता है। बता दें कि कांग्रेस के शासनकाल में हुई आरएएस भर्ती में डोटासरा के परिवार से आरएएस अधिकारी बनने पर भाजपा ने उन पर निशाना साधा था। 50 प्रतिशत से कम होता है 18 प्रतिशत… ये टीचर से बताएं
गौरव वल्लभ ने कहा- आज भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया के बड़े देशों में एकमात्र अर्थव्यवस्था है, जो 7.4 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। वहीं महंगाई दर 3 प्रतिशत के आसपास है। उन्होंने यूएस ट्रेड डील पर विपक्ष के सवालों पर पलटवार करते हुए कहा- जोधपुर के हैंडीक्राफ्ट के सामान पर पहले अमेरिका में 50 प्रतिशत टैरिफ लग रहा था। ट्रेड डील के बाद घटकर वो 18 प्रतिशत हो गया है, इसे अगर विपक्ष घुटने टेकना कहता है तो उन्हें चौथी क्लास की गणित की टीचर को बुलाकर अपने नेताओं को बताना चाहिए कि 18 प्रतिशत 50 प्रतिशत से कम होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी भी तरह की ट्रेड डील में भारत के किसान, दुग्ध उत्पादक और मछली पालकों के हितों से समझौता नहीं किया गया है। बजट युवाओं को समर्पित
वहीं कार्यक्रम में बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा- बीजेपी सरकार बनने के बाद राजस्थान में 1 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। वहीं मौजूदा सरकार में एक भी पेपरलीक की घटना नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान जैसे आयोजनों से निवेश और रोजगार के नए अवसर बने हैं। इस बजट में युवाओं को 10 लाख रुपए तक का ब्याजमुक्त ऋण देने की घोषणा की गई है। कार्यक्रम को गृहराज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने भी संबोधित किया।


