सीमावर्ती जिले जैसलमेर में शुक्रवार, 27 फरवरी को भारतीय वायुसेना के महाअभ्यास ‘वायुशक्ति-2026’ का आयोजन होने जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल हरभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शिरकत करेंगे। वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए SP अभिषेक शिवहरे ने जैसलमेर से पोकरण के बीच यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। कल दोपहर 12 बजे से लागू होगी नई व्यवस्था पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 12 बजे से लेकर कार्यक्रम समाप्ति की देर रात तक जैसलमेर-जोधपुर मुख्य मार्ग पर सामान्य आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में होने वाले इस युद्धाभ्यास के दौरान सुरक्षा कारणों से मुख्य सड़क पर ‘नो-एंट्री’ जोन बनाया गया है। यह रहेगा नया ट्रैफिक रूट आमजन की सुविधा के लिए पुलिस ने एक वैकल्पिक मार्ग (रूट मैप) निर्धारित किया है। जैसलमेर से पोकरण जाने और वहां से वापस आने वाले वाहनों को अब निम्नलिखित रूट का पालन करना होगा: जैसलमेर शहर (शहीद जयसिंह चौराहा) ➔ आकल फांटा ➔ देवीकोट ➔ रासला ➔ सांकड़ा ➔ कस्बा पोकरण। पोकरण से जैसलमेर हाइवे 110 किलोमीटर है, जबकि सांकड़ा से देवीकोट होते हुए जैसलमेर आना 122 किलोमीटर है, 12 किलोमीटर अतिरिक्त आना होगा। जैसलमेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मुख्य जोधपुर मार्ग पर कई जगहों पर नाकाबंदी की गई है, इसलिए वाहन चालक परेशानी से बचने के लिए अनिवार्य रूप से देवीकोट वाले रास्ते का ही चुनाव करें। सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम एसपी अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में रूट डायवर्जन को सफल बनाने के लिए विशेष मोबाइल पार्टियां तैनात की गई हैं। जैसलमेर की ओर से यातायात डायवर्ट करने की जिम्मेदारी यातायात प्रभारी हुकमाराम को सौंपी गई है, वहीं पोकरण की ओर से थानाधिकारी भरत सिंह मोर्चा संभालेंगे। दौरे का कार्यक्रम: आज पहुंचेंगे वीवीआईपी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति और राज्यपाल गुरुवार दोपहर बाद वायुसेना के विशेष विमान से जैसलमेर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके स्वागत के लिए आज जैसलमेर आएंगे। ये सभी दिग्गज शुक्रवार को पोकरण रेंज में वायुसेना की मारक क्षमता का प्रदर्शन देखेंगे। पुलिस की अपील और सहायता पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति या जानकारी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 02992-250747 या व्हाट्सएप नंबर 9530438715 पर संपर्क किया जा सकता है। ये खबर भी पढ़ें
राष्ट्रपति मुर्मू पहली बार लड़ाकू हेलिकॉप्टर में भरेंगी उड़ान:राजस्थान में पाकिस्तान बॉर्डर पर वायुशक्ति युद्धाभ्यास का लेंगी जायजा, रक्षामंत्री भी आएंगे पाकिस्तान बॉर्डर के पास राजस्थान के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज (जैसलमेर) में भारतीय वायुसेना का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास ‘वायु शक्ति-2026’ कल (27 फरवरी) होगा। युद्धाभ्यास में सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू भी मौजूद रहेंगी। वे 2 दिवसीय (26 और 27 फरवरी) जैसलमेर दौरे पर हैं। तय शेड्यूल के अनुसार- राष्ट्रपति 27 फरवरी को कॉम्बैट हेलिकॉप्टर (LCH) ‘प्रचंड’ में उड़ान भरेंगी। इस दौरान वे युद्धाभ्यास क्षेत्र का हवाई मुआयना करेंगी। यह पहली बार होगा, जब राष्ट्रपति जैसलमेर की सीमावर्ती एयरस्पेस में किसी लड़ाकू हेलिकॉप्टर की सह-पायलट बनेंगी। (खबर पढ़ें) तकनीकी गड़बड़ी के कारण युद्धअभ्यास में शामिल नहीं हुआ तेजस:राजस्थान- सुखोई ने दुश्मनों का सप्लाई डिपो उड़ाया, 44 बम गिराए राजस्थान में पाकिस्तान बॉर्डर के पास जैसलमेर के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय वायुसेना के युद्ध अभ्यास ‘वायु शक्ति- 2026’ की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। सबसे पहले सुखोई MKI 30 ने दुश्मन के रनवे और ठिकानों को तबाह किया। सुखोई ने दुश्मन के ठिकानों को टारगेट करते हुए 44 बम बरसाए। मिग-29 फाइटर जेट ने टैंकों का काफिला ध्वस्त किया। जैसे ही बम दुश्मनों के टारगेट पर गिरे, धूल का गुबार बन गया। वॉर जोन में आकाश मिसाइल ने टारगेट को हवा में ही उड़ा दिया। इसके साथ ही पहली बार सी-130 विमान रात में रनवे पर उतरा। गरुड़ कमांडो को लेकर वापस आया। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट C- 295 एयरक्राफ्ट एसॉल्ट लैंडिंग की। वॉर जोन में प्रचंड हेलिकॉप्टर भी उतरे। आसमान में दो जगुआर ने सुदर्शन फॉर्मेशन दिखाकर टारगेट एरिया को अप्रोच किया। इस दौरान पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में ऑपरेशन सिंदूर की सर्जिकल स्ट्राइक को समझाया गया। इसमें बताया कि 73 फाइटर जेट देशभर के 8 एयरबेस से उड़ान भरी। (पूरी खबर पढ़ें)


