धौलपुर की सैंपऊ थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोपी की पहचान तरुण (22) पुत्र संजय के रूप में हुई है, जो भरतपुर जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के गांव नोह का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, आईजी भरतपुर रेंज राहुल प्रकाश और एसपी धौलपुर सुमित मेहरड़ा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। सैंपऊ वृत्त के वृत्ताधिकारी अनूप सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी वीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। जिसको सूचना मिली थी कि एक युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने महेन्द्र बाबा कोल्ड स्टोर भरतपुर बाईपास के पास नहर से आरोपी को पकड़ा। उसके पास से एक हस्त निर्मित देसी कट्टा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से अवैध हथियार की खरीद फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही हैं। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।


