वाराणसी मंडल के रेलकर्मी-अफसरों को विशिष्ट रेलसेवा पुरस्कार:रेलमंत्री ने NER को थमाई ओवरऑल टॉपर शील्ड, सीनियर DCM को प्रशस्ति-पत्र

नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुक्रवार को रेल पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के चार अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। पूर्वोत्तर रेलवे ओवरऑल प्रदर्शन में टॉपर रहा, उसके साथ मध्य रेलवे भी परस्पर विजेता घोषित किया गया। इसमें वाराणसी के तीन कर्मियों को विशेष रेल सेवा पदक से नवाजा गया। वाराणसी मंडल के सीनियर DCM यानि वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक एस. एस. रहमान को रेलवे की आय बढ़ाने के लिए अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रेल मंत्री ने सीनियर डीसीएम की सराहना करते हुए ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उनके द्वारा लगभग 20 करोड़ की आय की गई, जो विगत वर्षों की तुलना में अधिक है। वहीं, हरदतपुर रेलवे स्टेशन पर रेलपथ अनुरक्षक प्रिन्स कुमार कन्नौजिया और ज्ञानपुर रोड स्टेशन के टेक्नीशियन मिथुन कुमार को भी रेल मंत्री ने मंच पर बुलाकर रेल सेवा पदक देकर पुरस्कृत किया। अंत में सभी क्षेत्रों में ओवरऑल उत्कृष्ट प्रदर्शन पर NER जीएम सौम्या माथुर को गोविंद वल्लभ पंत शील्ड प्रदान की गई। वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रेलमंत्री ने वाराणसी मंडल के तीन और एनईआर के चार अधिकारियों और कर्मचारियों को भारतीय रेल में असाधारण योगदान के लिए प्रतिष्ठित 69वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2024 प्रदान कर सम्मानित किया है। इसके अलावा भारतीय रेल के कुल 101 समर्पित कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार विजेता सीनियर डीसीएम एस.एस. रहमान ने मंडल में 13.82 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय की। इसके के अलावा विज्ञापन मद से 1.52 करोड़ तथा कैटरिंग से 5.5 करोड़ रुपये कमाकर आय को बढ़ाया। इसके अलावा आय बढोत्तरी के कई नए प्रयोग भी किए जो आगामी वर्षों में लाभ देंगे। गोरखपुर जोन के वरिष्ठ कोचिंग डिपो अधिकारी बलराम ने आरडीएसओ आशोधनों को लागू कराकर व्हील शेलिंग में 30 प्रतिशत तथा स्प्रिंग ब्रेकेज में 40 प्रतिशत कमी की जिससे 570 वातानुकूलित कोचों में फायर स्मोक डिटेक्शन सिस्टम लगाये जिससे लागत दो करोड़ कम हुई। ज्ञानपुर रोड स्टेशन वाराणसी के टेक्नीशियन मिथुन कुमार ने अपने कार्यकाल में शत प्रतिशत फिल्ड गियर अनुरक्षित किया, वहीं हरदतपुर रेलवे स्टेशन पर रेलपथ अनुरक्षक प्रिन्स कुमार कन्नौजिया को विभागीय संरक्षा नियमों एवं प्रक्रिया की अच्छी जानकारी रखकर बेहतर प्रदर्शन किया। रेलवे ट्रैक की संरक्षा के लिए NER की GM सौम्या माथुर तथा प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी मुकेश मेहरोत्रा को संरक्षा शील्ड प्रदान की। रेल मदद पोर्टल के माध्यम से प्राप्त यात्रियों के परिवादों के त्वरित निस्तारण के लिए महाप्रबन्धक सुश्री सौम्या माथुर तथा अपर महाप्रबन्धक दिनेश कुमार सिंह को रेल मदद शील्ड प्रदान की गई। रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे ने बेहतर प्रदर्शन किया, अनुशासित कर्मचारी होने के साथ ही मजबूत संरक्षा दृष्टिकोण रखते है। रेल मदद पोर्टल से प्राप्त परिवादों के त्वरित निस्तारण करके उदाहरण पेश किया। सभी रेलकर्मियों को शुभकामनाएं और बधाई भी दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *