गिरिडीह |गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 23 के पार्षद प्रत्याशी अंशु यादव ने आरोप लगाया है कि नगर थाना क्षेत्र के मोहलीचुवां निवासी मंटू साव और उसके 4-5 समर्थकों ने उन्हें गाली-गलौज कर मारपीट की। बुधवार को अंशु यादव ने थाना में आवेदन देकर मामले की शिकायत की है। थाना प्रभारी ने भी इस घटना की जानकारी दी है। अंशु ने बताया कि वह अपने समर्थकों के साथ वार्ड नंबर 23 में प्रचार कर रहे थे। इसी क्रम में मोहलीचुवां पहुंचे तो स्थानीय निवासी मंटू साव ने गाली-गलौज करते हुए उनके प्रचार वाहन के सामने आकर मारपीट की और धमकी दी कि आगे से यहां प्रचार करने नहीं आना, यदि प्रचार करते हुए देखा तो मारकर फेंक देंगे। अंशु यादव ने इस घटना की शिकायत थाना प्रभारी से की है। थाना प्रभारी ने कहा कि किसी भी प्रत्याशी का प्रचार करना उसका अधिकार है और वह अपने वार्ड में कहीं भी प्रचार कर सकता है। वार्ड पार्षद प्रत्याशी का प्रचार रोकना दंडनीय अपराध है। जांच की जा रही है। वहीं मंटू साव आरोपों को गलत बताया है।


