वार्ड 17 में दो कर्मी बाइक पर बैठे मिले, 28 में 3 बजे तक नहीं आए अफसर, 23 में शाम 4 बजे ही चले गए

भास्कर टीम | अलवर नगर निगम की ओर से शुरू हुई स्वच्छता चौपाल पहले अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गई। दावा किया गया था स्वच्छता चौपाल में अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। लेकिन, निगम की तैयारियां इतनी लचर रही कि वार्ड 17 में तो बाइक पर स्वच्छता चौपाल लगी। वार्ड 39 पंचवटी पार्क में लगी चौपाल में अधिकारी और सेक्टर प्रभारी 4 बजे से पहले ही चले गए। यहां 4 बजे के बाद केवल सफाईकर्मी ही दिखे। वार्ड 28 में चौपाल के अधिकारी और कर्मचारी पौने तीन बजे तक नहीं आए। कुछ लोग शिकायत करने के लिए पहुंच गए थे। इसके बाद अधिकारी और प्रभारी भी आए। वार्ड नं. 4 में धोबीघट्टा जोहड़ के पास चौपाल लगाई गई। यहां अधिकारी और कर्मचारी तैनात मिले। वार्ड नं. 17 में हनुमान बुर्ज के पास चौपाल का बोर्ड लगा था। लेकिन, रजिस्टर बाइक पर रखकर काम किया जा रहा था। यहां पर अधिकारियों ने शिकायतें मिलने पर सफाई कर्मियों को भेजा भी। दैनिक भास्कर टीम ने सोमवार को चार स्थानों पर जाकर स्थिति देखी। पहले दिन 10 वार्डों में चौपाल लगी। इनमें कुल 41 शिकायतें दर्ज हुईं। वार्ड 23 – 4 बजे ही टेबल हटाई, केवल सफाईकर्मी मिले वार्ड के पंचवटी पार्क में अधिकारी नहीं पहुंचे, केवल सेक्टर प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारी हेमंत यादव नगर निगम की मीटिंग में थे। यहां 4 बजे ही चौपाल के लिए लगाई गई टेबल हटा दी गईं। हालांकि पार्क के गेट पर सफाई कर्मी मौजूद थे। वार्ड 4 – बारिश से बचाव की व्यवस्था नहीं थी वार्ड धोबीघट्टा जोहड़ के पास सोमवार को चौपाल लगी। अधिकारी और प्रभारी मौजूद रहे। यहां सफाई से संबंधित 5 शिकायतें आईं। मुख्य सफाई निरीक्षक लक्ष्मण मीणा ने समस्याएं सुनीं और टीम को मौके पर भेजा। जहां टेबल लगाई गई थी, वहां बारिश से बचाव की कोई व्यवस्था नहीं थी। बारिश होने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को पास के मकान में शरण लेनी पड़ी। इसी तरह वार्ड 17 में हनुमान बुर्ज के पास रजिस्टर बाइक पर रखकर चौपाल चलाई जा रही थी। यहां दो शिकायतें आईं और दोनों सफाई से संबंधित थीं। ^चौपाल के पहले दिन जहां भी समस्या आई, वहां जाकर स्थिति का जायजा लिया गया। वार्ड 28 में पशु पकड़ने और सफाई के लिए टीम लगाई गई है। जहां कमियां मिली हैं, वहां सुधार किया जाएगा। स्वच्छता चौपाल में नागरिक भी भागीदारी निभाएं तो बेहतर परिणाम आएंगे। – सोहन सिंह नरूका, आयुक्त, नगर निगम। वार्ड नं. 28 में जय पल्टन गेट के सामने बिजली कार्यालय के पास स्वच्छता चौपाल का स्थान तय किया गया था। यहां कुछ लोग शिकायतें लेकर पहुंचे, लेकिन कोई अधिकारी मौजूद नहीं मिला। लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पूर्व पार्षद रमन सैनी ने बताया कि पौने तीन बजे सेक्टर से जुड़ा कर्मचारी आया। इसके बाद टेबल लगाई गई। लोगों की समस्याएं सुनी गईं। यहां कुल 8 शिकायतें आईं। इनमें 5 सफाई से संबंधित और 3 सड़कों पर घूमते पशुओं की। पशु पकड़ने के लिए टीम लगाई गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *