बरौल | बरौल क्षेत्र में दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) अंतर्गत सीएलएफ महिला क्लस्टर संघ की वार्षिक आमसभा उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भाग लेकर संगठन की प्रगति, वित्तीय स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। शुभारंभ दीप प्रज्वलन व स्वागत भाषण से हुआ। मिशन प्रबंधन इकाई के अधिकारियों ने बताया कि एनआरएलएम का उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों, विशेषकर महिलाओं को संगठित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। सीएलएफ के माध्यम से बैंक लिंकेज, आंतरिक ऋण, स्वरोजगार प्रशिक्षण और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। संघ की अध्यक्ष फूलों यादव व सचिव गयासमुनि ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि समूहों ने लाखों रुपए का आंतरिक लेनदेन किया तथा सिलाई, बकरी पालन, डेयरी, मशरूम उत्पादन जैसे कार्यों से आय बढ़ाई।


