भास्कर न्यूज | केरा संस्कार भारती हाई स्कूल, केरा में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता, छत्तीसगढ़ महतारी और भारत माता की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि संतोष कोसले, सरपंच आदर्श ग्राम पंचायत केरा, और अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा श्रीफल तोड़कर की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आरंभ कक्षा 8वीं की छात्रा शिवानी धीवर और उनके समूह द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद स्वागत गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को जीवंत करते हुए कर्मा नृत्य, छेरछेरा नृत्य, पंथी नृत्य, राऊत नाचा सहित विभिन्न लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही देशभक्ति गीतों और रिमिक्स गीतों पर भी नृत्य प्रस्तुत किए गए। कक्षा 9वीं के हिमेश धीवर और माधुरी पटेल समूह द्वारा चंदवा बैगा गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने दर्शकों का मन मोहा। वहीं कक्षा 8वीं की सीमा धीवर और उनके समूह द्वारा प्रस्तुत महाभारत आधारित “द्रौपदी चीरहरण” नाटक कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पहुंचे और विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन में तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन संजीव कुमार सारथी, श्रवण कुमार साहू और देवकुमारी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माधुरी नरेश आदित्य ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ईश्वरलाल देवांगन, लीलाधर आदित्य, नरेशचंद्र देवांगन, राजकुमार यादव, दिलचंद देवांगन, संतोष साहू, राजेन्द्र यादव और राकेश शुक्ला उपस्थित रहे।


