बालाघाट के चांगोटोला निवासी मजदूर ताराचंद जावरे (48) की सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार शाम काम से घर लौटते समय एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में इलाज के दौरान मंगलवार देर रात करीब 3 बजे जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। साइकिल ठीक करते समय हुआ हादसा मृतक के दामाद रामेश्वर राणा ने बताया कि ताराचंद सोमवार शाम साइकिल से किसी काम से पचपेढ़ी गए थे। लौटते समय उनकी साइकिल की चेन उतर गई थी। वे सड़क किनारे खड़े होकर चेन ठीक कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। लामता से जिला अस्पताल किया गया रेफर हादसे के बाद आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल ताराचंद को तुरंत लामता अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल बालाघाट रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में मौत की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने शव कब्जे में लिया। पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच चांगोटोला थाना पुलिस करेगी। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ ताराचंद जावरे अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक का माहौल है।


