सिंगरौली जिले के विंध्यनगर क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर में देर रात चोरी की घटना सामने आई है। चोर मंदिर से हनुमान जी की चांदी की गदा और दान पेटी चोरी कर ले गए। मंदिर विंध्यनगर थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में देखा गया कि घटना से पहले कुछ लोग मंदिर के बाहर घूमते नजर आए, जिससे रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद एक नकाबपोश व्यक्ति मंदिर के अंदर घुसता दिखाई देता है। चोर ने मंदिर के स्टील गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उसने हनुमान जी की चांदी की गदा और दान पेटी उठाई। दान पेटी को मंदिर के बाहर लाकर तोड़ा गया और फिर चोर मौके से फरार हो गया। लोगों बोले-आरोपियों के खिलाफ नहीं होती है कार्रवाई घटना के बाद स्थानीय लोगों और मंदिर के पुजारी में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सलीम कबाड़ी और उसके साथियों पर पहले भी चोरी के आरोप लग चुके हैं, लेकिन उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हो पाती है। मामले की लिखित शिकायत विंध्यनगर थाने में दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच कर रही पुलिस पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह किसी बड़े गिरोह की वारदात नहीं लग रही है, लेकिन सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।


