भास्कर न्यूज | कवर्धा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पांडे ने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा नए विधानसभा भवन में प्रस्तुत तीसरे बजट को ऐतिहासिक और सर्वसमावेशी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत करता है और प्रदेश की 3 करोड़ जनता के हितों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कहा कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक संतुलित विकास के लिए व्यापक प्रावधान किए गए हैं। किसान, युवा और महिलाओं को विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सामाजिक न्याय और आर्थिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करेगा। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना के तहत 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं रानी दुर्गावती योजना के माध्यम से बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया है। युवाओं के लिए उद्यम क्रांति जैसे कदम स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूती देंगे। उन्होंने बताया कि साय सरकार के पहले वर्ष के बजट की थीम ज्ञान (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) थी, जबकि पिछले वर्ष गति (गुड गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और औद्योगिक विकास) पर जोर रहा। इस वर्ष संकल्प की अवधारणा के साथ समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन और अंत्योदय को आधार बनाया गया है। प्रदेश की कृषि उन्नति योजना के तहत 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान तथा बस्तर को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने की दिशा में विशेष पहल इस बजट को दूरदर्शी बनाती है।


