विकसित भारत के लिए जीत जरूरी

भास्कर न्यूज | बेमेतरा भारतीय जनता पार्टी की नवीन जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद आयोजित जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक का आयोजन शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में हुआ। जिसमें क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, अनुशासन और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में जिले के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री तथा विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अजय जामवाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब पंच से लेकर लोकसभा तक हर स्तर पर भाजपा की जीत सुनिश्चित की जाए। संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और अनुशासन पर निर्भर करती है। भाजपा कार्यकर्ता के लिए राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और स्वयं तृतीय, का मूलमंत्र सदैव मार्गदर्शक होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सामूहिक सहयोग और समन्वय की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने का आह्वान किया। जामवाल ने कार्यकर्ताओं की तुलना एक डॉक्टर से करते हुए कहा कि जिस प्रकार चिकित्सक मरीज की समस्या सुनकर उसका उपचार करता है, उसी प्रकार कार्यकर्ता को जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने संयमित भाषा और मर्यादित आचरण की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि पार्टी की गरिमा और विश्वास कायम रहे। संकल्प को पूरा करने प्रतिबद्ध हैं जिला अध्यक्ष ने बेमेतरा जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति और मतदान केंद्रों की जानकारी प्रस्तुत की व जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों का परिचय कराया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री राजेश ठाकुर एवं पोषण वर्मा ने किया। जिला उपाध्यक्ष अंजय बघेल (अंजू) ने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का पालन करते हुए सभी कार्यकर्ता विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बैठक में संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *