विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट देने को कहा

भास्कर न्यूज |लुधियाना एडीसी (शहरी विकास) अमित बैंबी की अध्यक्षता में जिले की सभी नगर परिषदों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषदों के कार्यकारी अधिकारियों, स्टाफ तथा सीवरेज बोर्ड के एक्सईएन और एसडीओ ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना और सामने आ रही समस्याओं का समाधान निकालना था। बैठक के दौरान एडीसी अमित बैंबी ने शहर में चल रहे विभिन्न विकास प्रोजेक्ट्स की स्थिति का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने सीवरेज सिस्टम की डी-सिल्टिंग, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन, शहर की साफ-सफाई, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कार्यों की प्रगति पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सभी योजनाओं और परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की प्रगति की हर 15 दिन बाद नियमित समीक्षा की जाए। यदि किसी परियोजना में कोई कमी या समस्या सामने आती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाए, ताकि काम की गति प्रभावित न हो। एडीसी बैंबी ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम लोगों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए नगर परिषदों के अधिकारी और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि शहर में विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। बैठक में ज्वाइंट डिप्टी डायरेक्टर कुलवीर सिंह बराड़, कार्यकारी अधिकारी चरणजीत सिंह, हरनरिंदर सिंह, हैप्पी कुमार, मोहित शर्मा, बलवीर सिंह गिल, विकास उप्पल और अमनदीप सिंह भी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *