“विकास नहीं, सिर्फ कागजी काम”:भिंड नगर पालिका पर पूर्व विधायक के गंभीर आरोप, बोले-भ्रष्टाचार बढ़ा, पार्षद इस्तीफा देने को तैयार

भिंड नगर पालिका को लेकर एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। लंबे समय से विवादों में घिरी नगर पालिका पर अब खुले तौर पर भ्रष्टाचार और राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोप लगने लगे हैं। परिषद की बैठकों में हंगामा, विकास कार्यों पर सवाल और पार्षदों की नाराजगी के बीच भिंड के पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने नगर पालिका के कामकाज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भ्रष्टाचार का भी लगाया आरोप पूर्व विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि पिछले दो वर्षों में नगर पालिका में भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है। विकास के नाम पर केवल कागजी खानापूर्ति की जा रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम नजर नहीं आता। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में जिन टेंडरों को मंजूरी दी गई थी, उन्हीं पर आज भी काम चल रहा है। नए विकास कार्य लगभग ठप पड़े हैं। योजनाओं में घोटाले का आरोप संजीव सिंह कुशवाह ने आरोप लगाया कि संबल योजना समेत अन्य योजनाओं में करोड़ों रुपये का घोटाला किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी और अधिकारी मिलकर गरीबों का हक खा गए। बीते दो वर्षों में शहर की गलियों, मोहल्लों और कॉलोनियों में कोई नई सड़क नहीं बनी, लेकिन टेंडरों के जरिए भुगतान निकाल लिया गया। “पार्षदों में भारी नाराजगी, इस्तीफे की नौबत” पूर्व विधायक ने कहा कि नगर पालिका के भीतर पार्षदों में भारी आक्रोश है। हालात ऐसे हो गए हैं कि कई पार्षद इस्तीफा देने तक को तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के संरक्षण में हो रहा है और विधायक ने नगर पालिका पर कब्जा जमा लिया है। संजीव सिंह कुशवाह ने कहा कि विधायक का काम केवल मार्गदर्शन देना होता है, लेकिन वे परिषद की बैठकों का संचालन करने लगते हैं और पार्षदों व अधिकारियों को डांट-फटकार लगाते हैं। इससे परिषद की कार्यवाही प्रभावित हो रही है और विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विकास के बजाय राजनीति और प्रभाव जमाने पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, जिसके कारण भिंड शहर पिछले दो वर्षों में पीछे चला गया है। विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह बोले- आरोप निराधार इन आरोपों पर विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने पलटवार करते हुए कहा कि भिंड में लगातार विकास हो रहा है और पिछले दो वर्षों में विकास की रफ्तार तेज हुई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई बैठक में करीब 50 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। गौरी तालाब पर जाली लगाई गई है, तालाब के पास सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है और शहर में अन्य विकास कार्य भी जारी हैं। विधायक ने पूर्व विधायक के सभी आरोपों को निराधार बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *