राज्य सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर गुरुवार को दौसा स्थित सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में ‘जिला विकास प्रदर्शनी’ का उद्घाटन कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने किया। प्रदर्शनी में पिछले एक साल में जिले में हुए विकास कार्यों एवं योजनाओं की क्रियान्विति की झलक देखने को मिली। प्रदर्शनी में दौसा इन्वेस्टर मीट, दौसा पुलिस लीग, रेस्क्यू ऑपरेशन, आभानेरी उत्सव, तिरंगा यात्रा समेत विभिन्न कार्यक्रमों एवं उत्सवों के आयोजन, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए प्रयासों को दर्शाया गया। इस मौके पर जिले की विशेषताओं को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित करने के लिए ‘पंच गौरव’ के रूप में ‘एक जिला-एक उत्पाद’ के तहत सिकन्दरा स्टोन आर्टिकल, एक उपज के रूप में सौंफ, एक प्रजाति के रूप में ढाक, एक खेल के रूप में फुटबॉल व एक गंतव्य के रूप में मेहन्दीपुर बालाजी मंदिर की स्टॉल लगाई गई है। इसी प्रकार राजीविका और खादी के उत्पादों की एक-एक स्टॉल लगाई गई है। विकास प्रदर्शनी में पहुंचे जिला प्रभारी सचिव जिला प्रभारी सचिव भवानी सिंह देथा ने सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय पहुंचकर ‘जिला विकास प्रदर्शनी’ का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से पिछले एक साल में जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी गई है। उन्होंने राज्य सरकार के कार्यों और योजनाओं के बारे में जानने का आह्वान किया। सूचना जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक सोहनलाल ने बताया कि प्रदर्शनी 15 दिसम्बर तक सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। इस अवसर पर जिला परिषद सीईओ नरेन्द्र कुमार मीणा, एडीएम सुमित्रा पारीक, मनमोहन मीणा, सहायक जनसंपर्क अधिकारी छगनलाल यादव एवं सहायक प्रशासनिक अधिकारी संदीप मीना सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


