गढ़वा| नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विकास माली इन दिनों लगातार जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं। उनकी जनआशीर्वाद यात्रा ने शहर की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। खास बात यह है कि इस अभियान को और भी प्रभावशाली बना रही हैं उनकी धर्मपत्नी पूजा माली, जो हर कदम पर उनके साथ मौजूद रहकर लोगों से संवाद स्थापित कर रही हैं। शहर के विभिन्न वार्डों, गलियों और मोहल्लों में विकास माली समर्थकों के साथ घर-घर पहुंच रहे हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। खासकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस चुनावी अभियान को अलग पहचान दे रही है। कई स्थानों पर महिलाओं ने पूजा माली का स्वागत किया और अपनी समस्याओं को साझा किया। पूजा माली ने भी धैर्यपूर्वक उनकी बातें सुनीं और समाधान के लिए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। विकास माली जनसंपर्क के दौरान बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद ले रहे हैं। उनके इस व्यवहार को लोग सम्मान और संस्कार से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं युवाओं और बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित कर वे चुनावी माहौल को पारिवारिक रूप दे रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि विकास माली की सादगी और सहजता लोगों को प्रभावित कर रही है। पूजा माली विशेष रूप से महिलाओं से संवाद कर उन्हें नगर विकास की योजनाओं में भागीदार बनाने की बात कर रही हैं।


