जालोर सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने ‘विजन राजस्थान 2026’ के तहत एक मैराथन दौड़ का मशाल जलाकर शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में शहर के बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया, जिसका उद्देश्य स्वास्थ्य और नशा मुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। मैराथन दौड़ दशराह मैदान से शुरू होकर अहिंसा सर्कल, पैलेस रोड, राठौर लाइन, सरजावाव दरवाजा, बस स्टैंड और जेल चौराहा से होते हुए वापस दशराह मैदान पर समाप्त हुई। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि मैराथन केवल एक खेल नहीं, बल्कि समाज में समानता का संदेश देती है। उन्होंने जोर दिया कि मैराथन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। चौधरी ने सभी से अधिक खेलने, नियमित व्यायाम करने और अपने आहार पर ध्यान देने का आग्रह किया। सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि 19 से 21 तारीख तक दशराह मैदान में एक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसमें भारत और राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अधिक संख्या में आकर प्रदर्शनी का फायदा उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सांसद चौधरी ने सभी स्कूल और कॉलेज के प्रिंसिपलों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। जोशपूर्ण ज़ुम्बा से हुई शुरुआत फिटनेस आइकन गायत्री शर्मा ने सांसद सिरोही द्वारा आयोजित रन फ़ॉर सिरोही अभियान में शानदार प्रस्तुति देकर प्रतिभागियों में उत्साह भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत जोशपूर्ण ज़ुम्बा सत्र से हुई, जिसमें गायत्री शर्मा ने सभी को एनर्जेटिक वॉर्म-अप कराया। इस दौरान कार्डियो और एरोबिक एक्सरसाइज कराई गईं, जिससे प्रतिभागी पूरी तरह सक्रिय और तैयार नजर आए।
इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने 3 किलोमीटर वॉकथन में भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली और पूरे माहौल में ऊर्जा व सकारात्मकता बनी रही। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री गणपत सिंह राठौर, जिला उपाध्यक्ष ताराराम माली, मंडल अध्यक्ष चिराग रावल, जिला कार्यालय मंत्री बाबूसिंह माकरोडा, जिला प्रवक्ता गोपाल माली, पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपाल चारण, मोर्चा जिला महामंत्री अनिल प्रजापत, नगर महामंत्री कैलाश मेघवाल, उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह चौहान, गोविंद सैनी, नगर कोषाध्यक्ष इंदर सिंह मकवाना, गीता पुरोहित, जयेश माली सहित कार्यकर्ता सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं आमजन मौजूद थे।


