भास्कर न्यूज | लुधियाना गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर कॉलेज की साइंस सोसाइटी द्वारा पूर्व प्रिंसिपल ईएन शाहानी के पति की स्मृति में शाहानी मेमोरियल क्विज का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गणित विभाग द्वारा उनकी पावन स्मृति को श्रद्धांजलि अर्पित करने और वैज्ञानिक सोच की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणित विभाग की अध्यक्ष बलजीत कौर के हार्दिक स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए मोहिंदर ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर एक प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि यह दिवस सीवी रमन द्वारा ‘रमन प्रभाव’ की खोज की स्मृति में मनाया जाता है, जो युवा मस्तिष्कों को वैज्ञानिक उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। क्विज में चार रोचक एवं बौद्धिक रूप से चुनौतीपूर्ण चरण शामिल थे, जिनमें विभिन्न विभागों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता टीमों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को ट्रॉफियां एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। बलजीत कौर ने आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन निवेदिता द्वारा प्रस्तुत किया गया।


