वित्त मंत्री चीमा का दावा- पंजाब से खत्म होगा गैंगस्टरवाद:मानसा में बोले-अकाली दल, भाजपा- कांग्रेस ने पैदा किया, गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास किया

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दावा किया है कि राज्य में गैंगस्टरवाद को अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा ने बढ़ावा दिया है। उन्होंने मानसा में कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब से गैंगस्टरवाद का पूरी तरह सफाया करेगी। वित्त मंत्री चीमा मानसा के माता सुंदरी यूनिवर्सिटी गर्ल्स कॉलेज में 128 छात्राओं के लिए बनने वाले गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास करने पहुंचे थे। इस हॉस्टल के निर्माण पर 10 करोड़ रुपए की लागत आएगी। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कॉलेज में हॉस्टल की बड़ी आवश्यकता थी, जिसे पूरा करने के लिए सरकार ने यह बड़ी सौगात दी है। चीमा ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों को मिलने वाली धमकियों से निपटने के लिए एक अलग ट्रेड कमीशन का गठन किया गया है। यह कमीशन व्यापारियों के साथ मिलकर काम करेगा और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करेगा। स्कूली बच्चों द्वारा फिरौती मांगने पर जताई चिंता फाजिल्का में स्कूली बच्चों द्वारा फिरौती मांगे जाने की घटनाओं पर वित्त मंत्री ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई बार बच्चे गुमराह हो जाते हैं और मोबाइल टेक्नोलॉजी के कारण भी ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने जोर दिया कि सरकार ऐसी संस्कृति को खत्म करेगी और इसे पनपने नहीं देगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि इसी यूनिवर्सिटी कॉलेज में एक डिजिटल लाइब्रेरी का भी निर्माण किया जाएगा। चीमा ने बताया कि पंजाब सरकार के आगामी बजट में मानसा के लिए एक विशेष पैकेज शामिल होगा। उन्होंने कहा कि बजट से पहले ही मानसा को यह पैकेज प्रदान कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, सरकार डीए की किश्त और पेंशन बहाली को लेकर भी कर्मचारियों के लिए सौगात लाएगी और उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *