विदिशा जिले में सिविल लाइन पुलिस ने चोरी की तीन वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹9.20 लाख मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें एक बोलेरो पिकअप वाहन, मंदिर से चोरी किया गया मुकुट व छत्र और बिजली का तार शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप अहिरवार (38 वर्ष), निवासी करैया खेड़ा रोड, विदिशा और राहुल कुशवाह (21 वर्ष), निवासी किरी मोहल्ला, विदिशा के रूप में हुई है। थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा ने बताया कि आरोपी बायपास स्थित कमला सिटी कॉलोनी में गोविंद साहू के मकान में चोरी करते समय लोगों की नजर में आ गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अन्य चोरी की वारदातें भी कबूल कीं। उन्होंने अहमदपुर रोड स्थित मोरिया गांव के पास हनुमान मंदिर से मुकुट और छत्र चोरी करना तथा सागर रोड स्थित एक घर के बाहर खड़ी पिकअप वाहन चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की बोलेरो पिकअप (MP-40-GB-2009) जिसकी अनुमानित कीमत ₹8 लाख है, मंदिर से चोरी किया गया मुकुट व छत्र (अनुमानित कीमत ₹1 लाख) और ₹20 हजार मूल्य का बिजली का तार बरामद किया है। कुल बरामद मशरूका की कीमत ₹9.20 लाख है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सिविल लाइन आर.के. मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों तक पहुंची। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।


