विदिशा में रंगों का पर्व होली परंपरागत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। पांच दिवसीय रंगोत्सव के दौरान पूरा शहर रंगों में सराबोर नजर आया। इस दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सुबह से ही कॉलोनियों, मोहल्लों और प्रमुख चौक-चौराहों पर लोग एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दे रहे थे। युवाओं की टोलियां पिचकारी और रंगों से लैस होकर सड़कों पर निकलीं, जबकि बच्चों ने पानी वाले रंगों के साथ जमकर मस्ती की। बुजुर्गों ने पारंपरिक तरीके से गुलाल लगाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया। शहर के विभिन्न इलाकों में डीजे की धुन पर ‘होली खेले रघुवीरा’ जैसे गीतों पर युवाओं और महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। कई स्थानों पर सामूहिक होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर पर्व की बधाई दे रहे थे। गीत, नृत्य और सामूहिक उत्सव कॉलोनियों में महिलाओं की अलग-अलग टोलियां रंग-गुलाल के साथ नाचती-गाती नजर आईं। बच्चों के चेहरों पर रंगों की चमक और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। बाजारों में सुबह से चहल-पहल रही और मिठाई की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन ने पहले ही लोगों से भाईचारे और शांति के साथ होली मनाने की अपील की थी। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी की गई और पुलिस जवान तैनात रहे। कुल मिलाकर, विदिशा में इस बार की होली पारंपरिक रंग, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का संदेश देती नजर आई। पूरे जिले में कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे यह रंगोत्सव शांति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पांच तस्वीरों में देखिए होली…


