विदिशा में बुजुर्ग महिला से 5 लाख की ठगी:धार्मिक अनुष्ठान का डर दिखाकर मंदिर से लौटते समय जेवर ले गए ठग

विदिशा में एक बुजुर्ग महिला से 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर ठग लिए गए। मंदिर से लौट रही महिला को युवकों ने धार्मिक आस्था और परिवार पर संकट का डर दिखाकर झांसे में लिया और जेवर लेकर फरार हो गए। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के खरी फाटक रोड स्थित काली मस्जिद वाली गली में हुई। पीड़ित बुजुर्ग महिला का नाम विमला जैन है। वे गली से गुजर रही थीं, तभी कुछ युवकों ने उन्हें रोका और बातचीत में उलझा लिया। आरोपियों ने खुद को राजस्थान से आया हुआ बताया और कहा कि वे जैन मंदिर में लगे एक शिविर में शामिल होने आए हैं। जब महिला ने इस बारे में जानकारी न होने की बात कही, तो उन्होंने मंदिर में संपर्क करने को कहा। बाद में आरोपियों ने महिला के परिवार के बारे में जानकारी दी, जिसमें उनके दो लड़के और तीन लड़कियां होने का जिक्र था। जेवर लेकर मौके से भाग गए बदमाश
इसके बाद, युवकों ने भगवान का हवाला देते हुए महिला के छोटे बेटे पर संकट आने की बात कही। उन्होंने एक धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर महिला को आंखें बंद करने और अपने शरीर से जेवर उतारकर अलग रखने को कहा। आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपने सोने के जेवर उतारकर एक रूमाल में बांध लिए। इसी दौरान, ठगों ने चालाकी से जेवर अपने कब्जे में लिए और मौके से फरार हो गए। ठगे गए जेवरों में लगभग डेढ़ तोले की चेन और दो सोने की चूड़ियां शामिल थीं, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये बताई जा रही है। सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद
पीड़ित महिला विमला जैन ने बताया कि आरोपियों ने खुद को राजस्थान से आया हुआ बताकर पहले उनसे पानी मंगवाया। इसके बाद, उन्होंने धीरे-धीरे धार्मिक बातों के जरिए उन्हें अपने झांसे में ले लिया। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *