विदिशा में मध्य प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर ‘सेफ क्लिक’ अभियान के तहत साइबर सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के नेतृत्व में 1 से 11 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में साइबर जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। जिला मुख्यालय स्थित महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या विद्यालय में साइबर सेल प्रभारी गौरव रघुवंशी और कोतवाली थाने के रणवीर सिंह ने विशेष क्विज का आयोजन किया। इसमें 70 छात्राओं ने साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े 10 वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के उत्तर दिए। परिणाम अभियान के समापन पर घोषित किए जाएंगे। छात्रों को दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स
बागरोद में चौकी प्रभारी जे.पी. मालवीय ने छात्रों को अनजान लिंक्स, पासवर्ड, ओटीपी और आधार नंबर जैसी संवेदनशील जानकारी की सुरक्षा के टिप्स दिए। जिले भर में स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर, पैम्फलेट, वीडियो क्लिप और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश फैलाया जा रहा है।


