विदेश से लौटे सरपंच के बेटे से 70 लाख की फिरौती मांगी

भास्कर न्यूज | अमृतसर गांव मादोके की महिला सरपंच के बेटे को गैंगस्टरों ने विदेशी नंबर से कॉल कर 70 लाख की फिरौती मांगी। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित युवक विदेश में ट्रक चलाता है और 6 माह पहले ही पंजाब आया है। 2 माह से कॉल कर गैंगस्टर रंगदारी की मांग कर रहे हैं। थाना लोपोके पुलिस को दी शिकायत में जुगराज सिंह निवासी मादोके ने बताया कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं है। 13 दिसंबर 2025 की रात लगभग 9.05 बजे व्हाट्सऐप नंबर पर विदेशी नंबर से कॉल आई, जिसे उसने नहीं उठाया। बाद में कॉल उठाने पर कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गुदारा का भाई बताते हुए कहा कि रोहित उससे संपर्क करेगा और कॉल नजरअंदाज न करे। इसके बाद 15 जनवरी 2026 को दूसरे विदेशी नंबर से कॉल किया। कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गुदारा का भाई सतीश बताते हुए 70 लाख रुपए की मांग की। पैसे न देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह रोहित गुदारा और सतीश को नहीं जानता। उसे संदेह है कि किसी ने उसकी गतिविधियों और परिवार की जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई है। पीड़ित ने बताया कि उसकी माता गांव की मौजूदा सरपंच है और वह गांव के कामों में उनके साथ रहता है, जिससे परिवार की सुरक्षा को खतरा है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में रोहित और सतीश के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *